विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, समयबद्ध कार्रवाई करें: डीएम

Share This

अल्मोड़ा। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी प्रक्रियाएं निर्धारित समयसीमा के भीतर त्रुटिरहित ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नोटिसों की तैयारी और तामील में किसी भी प्रकार की शिथिलता या विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। सोमवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने नोटिस तैयार करने, उनकी तामील और सुनवाई की तिथियों की बिंदुवार समीक्षा की। साथ ही सभी उपजिलाधिकारियों से उनके क्षेत्रों में संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रकरण में निर्धारित प्रक्रिया का पूरी तरह पालन किया जाए और सभी अभिलेखों का सुव्यवस्थित संधारण सुनिश्चित किया जाए। सुनवाई की तिथियों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी मामलों का निस्तारण निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध ढंग से करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि यदि किसी स्तर पर कोई समस्या या व्यावहारिक कठिनाई आती है तो उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य निर्बाध रूप से आगे बढ़ सके। बैठक में अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र उपस्थित रहीं। जनपद के सभी उपजिलाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए और अपने-अपने क्षेत्रों की प्रगति से जिलाधिकारी को अवगत कराया।