ढंडेरा में नगर पंचायत ने अतिक्रमण हटवाया, सात दुकानदारों के चालान

Share This

रुड़की(आरएनएस)। ढंडेरा में नगर पंचायत ने मंगलवार को अतिक्रमण के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटवाया। अभियान के दौरान सात दुकानदारों के चालान किए गए, जबकि पॉलिथीन का प्रयोग करने वाले व्यापारियों को भी सख्त चेतावनी दी गई। कार्रवाई के दौरान अतिक्रमणकारियों में हड़कंप की स्थिति बनी रही। नगर पंचायत अध्यक्ष सतीश नेगी और अधिशासी अधिकारी वीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने लक्सर रोड पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अभियान की शुरुआत ढंडेरा फाटक से की गई और पेट्रोल पंप तक सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटवाया गया। टीम ने दुकानदारों द्वारा सड़क पर रखे गए सामान को हटवाने के साथ भविष्य में दोबारा अतिक्रमण नहीं करने की चेतावनी दी। कई घंटों तक चले अभियान के दौरान व्यापारियों और राहगीरों में हलचल बनी रही। नगर पंचायत की टीम ने पॉलिथीन के इस्तेमाल के खिलाफ भी कार्रवाई की और दुकानदारों को प्रतिबंधित पॉलिथीन का उपयोग न करने की हिदायत दी। नगर पंचायत अध्यक्ष सतीश नेगी ने कहा कि लक्सर रोड पर दिनभर वाहनों का दबाव बना रहता है। शाम के समय बाजार में भीड़ बढ़ने से अतिक्रमण के कारण जाम और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इसी को देखते हुए अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि फिलहाल सात दुकानदारों के चालान किए गए हैं। यदि चेतावनी के बावजूद अतिक्रमण जारी रहा तो संबंधित लोगों के खिलाफ न्यायालय के माध्यम से भारी जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से भी पॉलिथीन का बहिष्कार करने और खरीदारी के लिए घर से कपड़े का थैला लेकर आने की अपील की।