भाजपा सांसद, विधायकों के लिए हर रविवार 20 नए सदस्य बनाने का लक्ष्य

Share This

देहरादून(आरएनएस)। भाजपा के सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि इस साल प्रत्येक रविवार को कम से कम 20 नए सदस्य बनाएंगे। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मशताब्दी वर्ष के लिए पार्टी की ओर से यह लक्ष्य तय किया गया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने बताया कि यह वर्ष पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का 100वां जन्म वर्ष है। इसलिए इस साल के प्रत्येक रविवार को अटल सदस्यता पर्व के रूप में मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस दिन सांसद, विधायक सहित सभी जनप्रतिनिधियों एवं पार्टी के कार्यकर्ता अपने आसपास के न्यूनतम 20 लोगों को पार्टी का सदस्य बनाएंगे। उन्होंने बताया कि पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को भी सदस्यता अभियान से जोड़ने जा रही है। 29 सितम्बर व 27 अक्टूबर को होने वाले मन की बात कार्यक्रम को सदस्यता पर्व के साथ जोड़कर अधिक से अधिक सदस्य बनाए जाएंगे।