भाजपा ने मेयर पद पर किरण जैसल पर जताया भरोसा

Share This

हरिद्वार(आरएनएस)।   नगर निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने हरिद्वार नगर निगम महापौर पद पर निवर्तमान पार्षद किरण जैसल पर भरोसा जताया है। महापौर के लिए 18 से अधिक दावेदार मैदान में थे। आखिरकार पार्टी ने किरण जैसल के नाम पर मोहर लगा दी। किरण जैसल नगर निगम की राजनीति में सक्रिय रही हैं। पालिका के निगम बनने के बाद से वह लगातार पार्षद पद पर काबिज हैं। जबकि किरण जैसल के पति सुभाष चंद भी हरिद्वार की राजनीति का एक बड़ा नाम हैं। सुभाषचंद लगातार दो बार सभासद रह चुके हैं। नगर पालिका बोर्ड में नेता प्रतिपक्ष की भूमिका भी सुभाष चंद निभा चुके हैं। नगर पालिका से लेकर नगर निगम तक के बीस साल के सफर में जैसल परिवार एक बड़ी पहचान के रूप में जानी जाती है। सुभाष चंद नगर विधायक मदन कौशिक के करीबी नेताओं में से एक हैं। बीस वर्षों से लगातार नगर निकाय राजनीति में सक्रिय जैसल दंपति और राजनीतिक अनुभव ने भाजपा संगठन का विश्वास जीत लिया। जैसल परिवार नगर विधायक के चुनाव में अहम जिम्मेदारी निभाता रहा है। पार्टी में मजबूत पकड़ रखने वाला जैसल दंपति मृदुभाषी, मिलनसार और अपने सरल स्वभाव से लोगों के दिलों में अलग जगह बनाए हैं। महापौर सीट ओबीसी महिला के लिए आरक्षित होने के बाद से दावेदारों में किरण जैसल का नाम सर्वाधिक चर्चाओं में रहा। आखिरकार पार्टी ने निकाय राजनीति में उनकी सक्रियता को देखते महापौर जैसे प्रतिष्ठित पद के लिए उन्हें अपना उम्मीदवार बनाते कमल खिलाने का भरोसा जताया है। टिकट की घोषणा होने के बाद जैसल दंपत्ति के समर्थकों ने जमकर जश्न मनाया और एक दूसरे को मिठाई खिलाई।