बिना रॉयल्टी पत्थर ले जा रहे दो डंपर सीज

Share This

अल्मोड़ा। जिले में अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रानीखेत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना वैध रॉयल्टी पत्थर का परिवहन कर रहे दो डंपरों को सीज कर दिया। मामले की रिपोर्ट आगे की कार्रवाई के लिए उपजिलाधिकारी को भेज दी गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोड़के के निर्देश पर जनपद में अवैध खनन और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को अपर पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी रानीखेत भावना कैंथोला के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रानीखेत भुवन चन्द्र जोशी के नेतृत्व में मजखाली चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक विनोद फर्त्याल ने पुलिस टीम के साथ रात्रि में वाहन चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो डंपरों को रोका, जिनमें पत्थर लदा हुआ था। पूछताछ के दौरान वाहन चालक खनन सामग्री के परिवहन से संबंधित वैध रॉयल्टी अथवा अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने दोनों डंपरों को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया। अवैध खनन से संबंधित रिपोर्ट तैयार कर अग्रिम कार्रवाई के लिए उपजिलाधिकारी को प्रेषित कर दी गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और बिना अनुमति खनिज परिवहन करने वालों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।