भाजपा ने मनाया 45वां स्थापना दिवस, जिला कार्यालय में हुआ आयोजन

अल्मोड़ा। भारतीय जनता पार्टी के 45वें स्थापना दिवस के अवसर पर भाजपा कार्यालय पाताल देवी में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष महेश नयाल ने की, जबकि संचालन महानगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट ने किया। झंडारोहण के साथ मिष्ठान वितरण कर स्थापना दिवस का उल्लासपूर्वक आयोजन किया गया। जिलाध्यक्ष महेश नयाल ने उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं को पार्टी के 45 वर्ष पूर्ण कर 46वें वर्ष में प्रवेश की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के शब्दों को याद करते हुए कहा, “अंधेरा छटेगा, सूरज निकलेगा, कमल खिलेगा”, जब पार्टी के केवल दो सांसद थे और 1998 में पहली बार सरकार बनी। उन्होंने कहा कि आज पार्टी ने एक लंबा सफर तय किया है और यह कार्यकर्ताओं की मेहनत का ही परिणाम है। कार्यक्रम में मौजूद केंद्रीय सड़क परिवहन राज्य मंत्री व सांसद अजय टम्टा ने भी कार्यकर्ताओं को 46वें स्थापना वर्ष में प्रवेश की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज सरकार ने 80 करोड़ जनता का ध्यान रखा है, यह सुनिश्चित किया गया है कि कोई भूखा न सोए। उन्होंने विश्वास जताया कि भारत अब विश्वगुरु बनने की ओर अग्रसर है। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष व पूर्व विधायक कैलाश शर्मा ने कहा कि भाजपा आज विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बन चुका है। मेयर अजय वर्मा ने भाजपा को विश्व का सबसे बड़ा संगठन बताते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं। पूर्व दर्जा राज्यमंत्री गोविंद पिलख्वाल ने कार्यकर्ताओं को अनुशासन में रहकर काम करने की सलाह दी। पूर्व जिलाध्यक्ष रवि रौतेला, अरविंद बिष्ट, बिट्टू कर्नाटक और ए. के. सिकंदर पवार ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर पूर्व जिला उपाध्यक्ष कैलाश गुरुरानी, बीना नयाल, प्रकाश भट्ट, धर्मेंद्र बिष्ट, महेश बिष्ट, राजेंद्र बिष्ट, जगत तिवारी, अमित शाह, अर्जुन बिष्ट, मुकेश जोशी, मनोज जोशी, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष नवीन बिष्ट, पूर्व जिला मंत्री संदीप श्रीवास्तव, मनीष जोशी, दीक्षांत पवार, दिनेश मठपाल आदि सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।