अल्मोड़ा। ऐतिहासिक नंदा देवी मेले के समापन के दिन बुधवार देर शाम एडम्स इंटर कॉलेज के मैदान में लगा एक झूला अचानक टूट गया। हादसे में झूले पर सवार महिला और युवक ऊंचाई से नीचे गिरकर घायल हो गए। घटना के बाद मेला परिसर में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों और मेले में मौजूद कर्मचारियों ने दोनों घायलों को तत्काल बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार झूला सामान्य रूप से चल रहा था। इसी दौरान झूले के एक बैठने वाले डिब्बे में तकनीकी खराबी आ गई और वह एक तरफ से अचानक टूट गया। डिब्बे में सवार महिला और युवक अनियंत्रित होकर नीचे गिर पड़े। चिकित्सक के अनुसार महिला को सामान्य चोट आई है, जबकि युवक के पैर में फ्रैक्चर हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। सुरक्षा के मद्देनजर संबंधित झूले का संचालन बंद कराकर उसे सील कर दिया गया। पुलिस ने झूला संचालक से संचालन का लाइसेंस और फिटनेस प्रमाण पत्र तलब किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हादसे के बाद मेले में झूलों की सुरक्षा और फिटनेस को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि झूलों की सुरक्षा व्यवस्था और फिटनेस की पर्याप्त जांच की जानी चाहिए थी। हालांकि, प्रशासन की ओर से अभी तक किसी तरह की लापरवाही की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि नंदा देवी मेला 16 सितंबर से शुरू हुआ था और 23 सितंबर को इसका समापन हुआ।