अमर जवान ज्योति को शिफ्ट करना शहीदों का अपमान: आकांशा ओला

Share This

अल्मोड़ा। महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव एवं उत्तराखंड मीडिया कोऑर्डिनेटर आकांक्षा ओला ने कहा केंद्र सरकार अमर जवान ज्योति को शिफ्ट कर रही, जो शहीदों का अपमान है। उन्होंने कहा भारत की देशभक्त जनता भाजपा को इसके लिए कभी माफ नहीं करेगी। आकांक्षा ने शुक्रवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता करते हुए केंद्र की भाजपा सरकार पर यह आरोप लगाए।
उन्होंने कहा इंडिया गेट के पास पिछले 50 साल से स्थापित अमर जवान ज्योति के वार मैमोरियल के पास शिफ्ट किया जा रहा है। यह सरासर गलत है। कहा 1971 में इंदिरा गांधी के पीएम रहते पाकिस्तान को ‌विभाजित कर बंग्लादेश बनाने में शहीद हुए सैनिकों की याद में इसकी स्थापना की गई थी। उन्होंने कहा मोदी सरकार नया इतिहास बनाने में नाकाम है, लेकिन पुराने इतिहास को खत्म करने में लगी हुई है। कहा देश में राजा के महल के निर्माण के लिए शहीदों के बलिदान और शौर्य के प्रतीकात्मक स्थान को बदला जा रहा है। अमर जवान ज्योति को विस्थापित करने का उद्देश्य सिर्फ सेंट्रल विस्टा का निर्माण करना है। बताया मोदी सरकार किसी भी मामले में संबंधितों से राय मशविरा नहीं करती है। किसान बिल के मामले में यही हुआ और वर्तमान में अमर जवान ज्योति को शिफ्ट करने के मामले में भी यही रुख अपनाया है। इसके लिए शहीदों के परिजनों से विचार करना जरूरी नहीं समझा। देश की जनता इसको लेकर भाजपा के समय आने पर जवाब देगी। इधर, प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सरिता आर्या के भाजपा का दामन थामने के सवाल पर उन्होंने कहा उनको नया दल मुबारक। फिलहाल इस पर कोई प्रतिक्रिया व्यक्त नहीं करेंगी। यहां कांग्रेस नगराध्यक्ष पूरन रौतेला, जिला उपाध्यक्ष तारा चंद्र जोशी, प्रदेश सचिव पारितोष जोशी, मीडिया कार्डिनेटर रमेश मेलकानी, जिला सचिव दीपांशु पांडे रहे।