अल्मोड़ा। अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र की अध्यक्षता में आयोजित स्टैंडिंग कमेटी की बैठक में जनपद के सत्र एवं अधीनस्थ न्यायालयों में अगस्त 2026 के दौरान दोषमुक्त हुए मामलों की समीक्षा की गई। अपर जिलाधिकारी ने अभियोजन कार्यों में गति लाने तथा अपील योग्य प्रकरणों में तत्काल अपील दाखिल करने के निर्देश दिए। बैठक में अभियोगों की पैरवी के दौरान आने वाली समस्याओं एवं उनके समाधान पर चर्चा की गई। अपर जिलाधिकारी ने अभियोजकों को प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने तथा संबंधित प्रकरणों में आवश्यक कार्रवाई समयबद्ध रूप से करने के निर्देश दिए। पॉक्सो अधिनियम से संबंधित मामलों की समीक्षा में अभियोजन विभाग के साथ समाज कल्याण विभाग एवं जिला प्रोबेशन कार्यालय को भी सम्मिलित किया गया। अपर जिलाधिकारी ने बाल कल्याण समिति एवं सपोर्ट पर्सन को संबंधित मामलों में आवश्यक सहयोग प्रदान करने तथा पीड़ितों को दी जाने वाली राहत राशि से संबंधित प्रकरणों का समय से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में आगामी समय में पॉक्सो अधिनियम के संबंध में कार्यशाला आयोजित करने तथा इसमें चिकित्सा अधिकारियों एवं बाल कल्याण समिति को सम्मिलित किए जाने पर भी चर्चा हुई। इस अवसर पर सहायक निदेशक अभियोजन एवं सदस्य सचिव सुनीता भट्ट जोशी, जिला शासकीय अधिवक्ता (फौजदारी) पूरन सिंह कैड़ा, जिला प्रोबेशन अधिकारी कल्पना मनराल, संरक्षण अधिकारी कमला कोश्यारी, संरक्षण अधिकारी सुनीता जोशी सहित बाल कल्याण समिति के सदस्य एवं सपोर्ट पर्सन उपस्थित रहे।

