हरिद्वार(आरएनएस)। माध्यमिक शिक्षकों के लिए टीईटी अनिवार्य किए जाने के विरोध में टीईटी विरोधी सेवारत संयुक्त संघर्ष समिति के संयोजक मंडल ने शुक्रवार को हरिद्वार में तर्पण कार्यक्रम किया। इस दौरान माध्यमिक शिक्षा निदेशक के टीईटी संबंधी आदेश की छायाप्रति गंगा में प्रवाहित कर विरोध जताया गया। संघर्ष समिति के संयोजक मंडल के अनिल बड़ोनी ने कहा कि समिति की ओर से शुक्रवार से तर्पण कार्यक्रम शुरू किया गया है। शनिवार से प्रत्येक शिक्षक अपने विद्यालय में तर्पण कार्यक्रम आयोजित कर विरोध दर्ज कराएगा। उन्होंने कहा कि समिति माध्यमिक शिक्षकों पर टीईटी की अनिवार्यता के आदेश को शिक्षक विरोधी मानती है और इसे तत्काल निरस्त करने की मांग कर रही है।संयोजक मंडल ने कहा कि मांग पूरी नहीं होने तक विरोध जारी रखा जाएगा। समिति की ओर से जल्द ही आंदोलन को व्यापक स्तर पर चलाने की बात कही गई। समिति का कहना है कि माध्यमिक शिक्षकों से संबंधित टीईटी आदेश को लेकर शिक्षक संगठनों की ओर से पहले भी आपत्तियां उठाई गई हैं। कार्यक्रम में संयोजक मंडल के नवीन पुंडीर, दिवाकर पैन्यूली, धीरज रवि और प्रदीप बिष्ट मौजूद रहे।