रुद्रपुर(आरएनएस)। जिले में त्रिस्तरीय पंचायतों के रिक्त पदों पर उपचुनाव की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में सदस्य ग्राम पंचायत, प्रधान ग्राम पंचायत और सदस्य क्षेत्र पंचायत के रिक्त पदों पर उपचुनाव के लिए समय-सारणी जारी कर दी है। इसके तहत 30 सितंबर और एक अक्टूबर को नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे, जबकि 12 को मतदान और 14 अक्तूबर को मतगणना होगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 30 सितंबर और एक अक्टूबर को पूर्वाह्न 10 बजे से शाम पांच बजे तक नाम निर्देशन पत्र जमा किए जाएंगे। तीन अक्टूबर को सुबह 10 बजे से कार्य समाप्ति तक नामांकन पत्रों की जांच होगी। चार अक्टूबर को सुबह 10 बजे से अपराह्न तीन बजे तक नाम वापसी की प्रक्रिया चलेगी। पांच अक्टूबर को सुबह 10 बजे से कार्य समाप्ति तक निर्वाचन प्रतीकों का आवंटन किया जाएगा।उन्होंने बताया कि 12 अक्तूबर को सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक मतदान कराया जाएगा। इसके बाद 14 अक्तूबर को सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगी, जो कार्य समाप्ति तक चलेगी। नामांकन से लेकर प्रतीक आवंटन तक की सभी कार्यवाही संबंधित विकासखंड मुख्यालय पर होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिन ग्राम पंचायतों और क्षेत्र पंचायतों में उपचुनाव कराया जा रहा है, उनके संबंधित प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता प्रभावी रहेगी। यह आचार संहिता मतगणना समाप्त होने तक लागू रहेगी।