0 1 min 6 dys

अल्मोड़ा। उत्तराखंड के राज्य विश्वविद्यालयों से संबद्ध विधि महाविद्यालयों में एलएलबी में प्रवेश के लिए उत्तराखंड राज्य संयुक्त एलएलबी प्रवेश परीक्षा 2026-27 का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय, अल्मोड़ा और कुमाऊं विश्वविद्यालय, नैनीताल से संबद्ध संस्थानों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया रविवार से शुरू होगी। प्रवेश परीक्षा चार अक्टूबर को गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।

28 सितंबर तक कर सकेंगे आवेदन

ऑनलाइन आवेदन पत्र पंजीकरण की प्रक्रिया 13 सितंबर से शुरू होगी। अभ्यर्थी 28 सितंबर तक आवेदन कर सकेंगे। प्रवेश परीक्षा चार अक्टूबर को होगी, जबकि उत्तरकुंजी छह अक्टूबर को अपलोड की जाएगी। उत्तरकुंजी पर आपत्तियां सात और आठ अक्टूबर को दर्ज कराई जा सकेंगी।

12 अक्टूबर को संभावित परिणाम

प्रवेश परीक्षा का संभावित परिणाम 12 अक्टूबर को जारी किया जाएगा। इसके बाद काउंसलिंग और प्रवेश की प्रक्रिया 17 अक्टूबर से शुरू होने की अपेक्षित तिथि निर्धारित की गई है।

परीक्षा शुल्क श्रेणीवार तय

सामान्य, अन्य पिछड़ा वर्ग और ईडब्ल्यूएस वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए प्रवेश परीक्षा शुल्क 2,000 रुपये निर्धारित किया गया है। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और दिव्यांग अभ्यर्थियों को 1,500 रुपये शुल्क देना होगा। काउंसलिंग शुल्क सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए 850 रुपये तथा एससी, एसटी और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 550 रुपये निर्धारित है।

इस तरह सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस अभ्यर्थियों के लिए कुल शुल्क 2,850 रुपये और एससी, एसटी व दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए कुल शुल्क 2,050 रुपये होगा। प्रवेश परीक्षा शुल्क आवेदन के समय जमा होगा, जबकि काउंसलिंग शुल्क काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू होने से पहले अलग से जमा करना होगा।

समर्थ पोर्टल पर मिलेगी जानकारी

एलएलबी प्रवेश परीक्षा 2026-27 से संबंधित विस्तृत जानकारी समर्थ पोर्टल की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है। आवेदन और पंजीकरण प्रक्रिया भी समर्थ पोर्टल के माध्यम से होगी। विश्वविद्यालय की ओर से बताया गया है कि पंजीकरण शुल्क में 50 रुपये अतिरिक्त शुल्क शामिल किया गया है।