भाजपा नगर मंडल ने शुरू किया बूथ सशक्तिकरण अभियान, शक्ति केंद्रों में होंगी बैठकें

Share This

अल्मोड़ा। आगामी चुनावों की तैयारियों को धार देने के लिए भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल अल्मोड़ा ने बूथ सशक्तिकरण अभियान के तहत बैठक आयोजित कर संगठनात्मक रणनीति पर मंथन किया। बैठक में नगर क्षेत्र के सभी बूथों को सक्रिय और मजबूत बनाने के लिए शक्ति केंद्र स्तर पर बैठकें आयोजित कर बूथ कार्यकारिणियों के गठन का निर्णय लिया गया।

बैठक में तय किया गया कि नगर मंडल के अंतर्गत आने वाले सभी शक्ति केंद्रों में अलग-अलग बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों के माध्यम से बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित कर प्रत्येक बूथ पर संगठन को अधिक प्रभावी बनाने के लिए जिम्मेदारियां तय की जाएंगी।

नगर मंडल अध्यक्ष विनीत बिष्ट ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका बूथ स्तर का मजबूत संगठन है। आगामी चुनावों को देखते हुए प्रत्येक बूथ को सक्रिय और सशक्त बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बूथ कार्यकर्ता पार्टी और जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं, जिन्हें सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने के साथ स्थानीय समस्याओं और सुझावों को संगठन तक पहुंचाने की जिम्मेदारी निभानी होगी।

बूथ सशक्तिकरण अभियान के संयोजक अर्जुन बिष्ट ने बताया कि शक्ति केंद्र स्तर पर बैठकों के माध्यम से बूथ कार्यकारिणियों के गठन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रत्येक बूथ पर सक्रिय और जिम्मेदार कार्यकर्ताओं की टीम तैयार करना है, जिससे चुनावी तैयारियां और अधिक प्रभावी हो सकें।

बैठक के मुख्य वक्ता रमेश बहुगुणा ने बूथ संगठन की भूमिका और चुनावी तैयारियों पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि चुनाव में सफलता के लिए मजबूत बूथ संगठन, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय और निरंतर जनसंपर्क बेहद आवश्यक है।

बैठक में आगामी दिनों में होने वाली शक्ति केंद्रवार बैठकों की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई। पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि बूथ सशक्तिकरण अभियान के माध्यम से संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाया जाएगा तथा प्रत्येक कार्यकर्ता को सक्रिय भूमिका दी जाएगी।

बैठक का संचालन देवेंद्र भट्ट ने किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रवि रौतेला, निकाय प्रकोष्ठ के प्रदेश सहसंयोजक कैलाश गुरुरानी, नगर उपाध्यक्ष रक्षित कार्की, आशीष कुमार, दिनेश मठपाल, मीना नेगी, नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष अजय वर्मा, नगर मंत्री दीपा अधिकारी, आनंद भोज, मीरा मिश्रा, मनोज तिवारी, कमल वर्मा, दीपक भंडारी, रमेश लाल, पार्षद राहुल जोशी, पार्षद संजय जोशी, पार्षद जगत तिवारी, पार्षद कृष्णा सिंह, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष नीरज सांगा, अनुसूचित मोर्चा के मंडल अध्यक्ष सुधीर कुमार, महिला मोर्चा जिला महामंत्री कविता साह सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।