अल्मोड़ा। जिला चिकित्सालय को नगर क्षेत्र से अन्यत्र स्थानांतरित किए जाने की चर्चाओं के बीच कांग्रेस ने भाजपा और प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस नगर महामंत्री (संगठन) वैभव पांडे ने दावा किया कि जनता के विरोध और कांग्रेस के दबाव के बाद सरकार को अपना रुख स्पष्ट करना पड़ा, जबकि अब भाजपा नेता इसका श्रेय लेने का प्रयास कर रहे हैं।
वैभव पांडे ने कहा कि पिछले कई दिनों से जिला अस्पताल के संभावित स्थानांतरण को लेकर अल्मोड़ा की जनता में असंतोष था। कांग्रेस और विधायक मनोज तिवारी ने लगातार इस मुद्दे को उठाते हुए अस्पताल को किसी भी स्थिति में नगर क्षेत्र से बाहर नहीं ले जाने की मांग की। उनका आरोप है कि जनता के बढ़ते दबाव और कांग्रेस द्वारा आंदोलन की चेतावनी के बाद भाजपा नेताओं को मंत्री के समक्ष जाकर अस्पताल के स्थानांतरण से इनकार का बयान दिलाना पड़ा।
उन्होंने सवाल उठाया कि यदि अस्पताल को स्थानांतरित करने का कोई प्रस्ताव था ही नहीं, तो फिर इतनी जल्दबाजी में मंत्री से सार्वजनिक बयान जारी कराने की आवश्यकता क्यों पड़ी। उनके अनुसार इससे सरकार की निर्णय प्रक्रिया पर सवाल खड़े होते हैं।
कांग्रेस नेता ने कहा कि अल्मोड़ा की जनता पूर्व में कचहरी स्थानांतरण के मामले को भी भूली नहीं है। उनका कहना था कि पहले केवल डीएम कोर्ट को स्थानांतरित करने की बात कही गई थी, लेकिन बाद में पूरी कचहरी को पांडेखोला स्थानांतरित कर दिया गया। ऐसे में जनता केवल मौखिक आश्वासन नहीं, बल्कि जिला अस्पताल के संबंध में सरकार से लिखित और स्पष्ट घोषणा चाहती है।
वैभव पांडे ने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं को सरकार की छवि बचाने के बजाय जिला चिकित्सालय में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी दूर कराने, फिजिशियन की तैनाती सुनिश्चित करने और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए प्रयास करने चाहिए। उन्होंने बंद पड़े हार्ट केयर सेंटर को भी पुनः शुरू कराने की मांग करते हुए कहा कि इससे अल्मोड़ा सहित पिथौरागढ़, बागेश्वर और आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों के मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को किसी प्रकार के श्रेय की आवश्यकता नहीं है। पार्टी का उद्देश्य केवल जनता के स्वास्थ्य अधिकारों की रक्षा करना है। उन्होंने कहा कि जिला चिकित्सालय पर्वतीय क्षेत्र की बड़ी आबादी के लिए जीवनरेखा है और इसे नगर क्षेत्र से बाहर ले जाने के किसी भी प्रयास का कांग्रेस विरोध करती रहेगी।
कांग्रेस नेता ने सरकार से मांग की कि यदि जिला चिकित्सालय के स्थानांतरण का कोई प्रस्ताव नहीं है तो इसे लिखित रूप में सार्वजनिक किया जाए। साथ ही अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति, पर्याप्त स्टाफ, आधुनिक उपकरण और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर प्राथमिकता से कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर जनता के साथ आगे भी संघर्ष जारी रखेगी।
