अल्मोड़ा पुलिस का सघन चेकिंग अभियान, 66 वाहन चालकों के चालान

Share This

अल्मोड़ा। पर्यटन सीजन के मद्देनजर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देशन में जनपदभर में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ अभियान के तहत अल्मोड़ा पुलिस ने सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 66 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई। जनपद के सभी थाना, कोतवाली, चौकी एवं यातायात प्रभारियों ने अपनी-अपनी पुलिस टीमों के साथ व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान बिना हेलमेट, तीन सवारी, बिना ड्राइविंग लाइसेंस, बिना सीट बेल्ट तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई। कोतवाली अल्मोड़ा पुलिस ने तीन वाहनों को सीज भी किया। इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर न्यूसेन्स फैलाने तथा बिना सत्यापन रह रहे बाहरी व्यक्तियों के विरुद्ध भी अभियान चलाया गया। उत्तराखंड पुलिस अधिनियम के तहत 44 लोगों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। अल्मोड़ा पुलिस ने बताया कि जनपद में यातायात व्यवस्था बनाए रखने और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए सघन चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।