सफाई कर्मचारियों ने मांगों को लेकर किया सचिवालय कूच, पुलिस ने रोका

Share This

देहरादून(आरएनएस)। राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी मजदूर यूनियन से जुड़े कर्मचारियों ने बुधवार को अपनी सात सूत्रीय मांगों को लेकर सचिवालय कूच किया। पुलिस ने बैरीकेडिंग लगाकर उन्हें आगे जाने से रोक दिया। इसके बाद सिटी मिजस्ट्रेट के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा गया। पदाधिकारियों ने मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
नगर निगम देहरादून और आसपास के निकायों के कर्मचारी पहले नगर निगम में एकत्रित हुए। यहां उन्होंने अपनी मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन किया। यहां से करीब साढ़े ग्यारह बजे सचिवालय के लिए रवाना हुए। लेकिन पुलिस ने बैरीकेडिंग लगाकर सभी को आगे जाने से रोक दिया। कर्मचारियों ने मांगों को लेकर नारे लगाए। इसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा गया। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे यूनियन के प्रदेश संरक्षक चौधरी नरेश वैध ने कहा कि जब तक शासनादेश जारी नहीं हो जाता। तब तक निगम में धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। इस दौरान नगर निगम देहरादून शाखा के अध्यक्ष सोनू खैरवाल, सचिव धीरज भारती, यूनियन के उपाध्यक्ष विनोद कुमार, सत्येंद्र कुमार, योगेश आनंद, अरुण कुमार, संदीप कुमार, अरविंद कुमार, शुभम सौदे, महिला विंग की महानगर अध्यक्ष कुमारी आरती, उत्तराखंड देवभूमि कर्मचारी संघ हल्द्वानी से आए अजय कुमार के अलावा अन्य निकायों के कर्मचारी शामिल रहे।
कर्मचारियों की मांगें: पर्यावरण मित्रों को जुलाई 2026 से 800 रुपये प्रतिदिन की दर से वेतन भुगतान, 715 अस्थायी पर्यावरण मित्रों की शीघ्र भर्ती, समान कार्य के लिए समान वेतन, अस्थायी कर्मचारियों के विनियमितीकरण, नियमितीकरण के लिए कटऑफ वर्ष 2018 के स्थान पर 2024 किए जाने, मृतक आश्रित नियमों में संशोधन और प्रदेश की निकायों में 10 हजार स्थायी पर्यावरण मित्रों के पद स्वीकृत करने की मांग की गई।