अल्मोड़ा जनपद में भारी बारिश के अलर्ट के चलते 09 जुलाई को विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद

Share This

अल्मोड़ा। भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा 9 जुलाई के लिए जारी यैलो अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन ने जनपद के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है। यह निर्णय विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर लिया गया है।

जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष अंशुल सिंह ने बताया कि मौसम विभाग ने जनपद में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। लगातार हो रही वर्षा के कारण नदियों, नालों और गधेरों में जलस्तर बढ़ने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका बनी हुई है।

इसी को देखते हुए 9 जुलाई (गुरुवार) को जनपद के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक की पढ़ाई तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन बंद रहेगा।

जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्पष्ट किया है कि आदेश की अवहेलना करने पर संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।