अल्मोड़ा। विवेकानंद इंटर कॉलेज रानीधारा में आयोजित कमला नेहरू पुरस्कार सम्मान समारोह में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 170 मेधावी विद्यार्थियों की माताओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रत्येक माता को एक-एक हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि कैलाश शर्मा ने विद्यार्थियों से मेहनत, अनुशासन और संस्कारों के साथ शिक्षा प्राप्त करने का आह्वान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि कमला नेहरू पुरस्कार का उद्देश्य विद्यार्थियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना और उनकी सफलता में अभिभावकों, विशेषकर माताओं की भूमिका को सम्मान देना है। विद्यालय के प्रधानाचार्य आलम सिंह उनियाल ने पुरस्कार प्राप्त विद्यार्थियों और उनकी माताओं को बधाई देते हुए कहा कि कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प से सफलता हासिल की जा सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों से भविष्य में भी इसी लगन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। समारोह में बड़ी संख्या में अभिभावकों, विद्यार्थियों और विद्यालय परिवार के सदस्यों ने भाग लिया। विद्यालय परिवार ने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कमला नेहरू पुरस्कार समारोह में 170 मेधावी विद्यार्थियों की माताएं सम्मानित
ByBinsar Times
Jun 16, 2026