अल्मोड़ा। बिनसर वन्यजीव विहार क्षेत्र में 13 जून 2024 को वनाग्नि दुर्घटना के दौरान वन एवं पर्यावरण की रक्षा करते हुए शहीद हुए वन कर्मियों की स्मृति में शुक्रवार को श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम बिनसर वन्यजीव विहार के प्रवेश द्वार स्थित स्वागत कक्ष में आयोजित हुआ, जहां वन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय ग्रामीणों ने शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। सभा में वक्ताओं ने वनाग्नि नियंत्रण के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले वन कर्मियों के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और बलिदान को याद किया। उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान को नमन किया। कार्यक्रम का संचालन वन दरोगा मोहित कुमार आर्या ने किया। इस अवसर पर वन क्षेत्राधिकारी मनोज सनवाल, स्वाति थापा, वन दरोगा अस्मिता सैनी, प्रशांत चंद, वन रक्षक महेंद्र सिंह मटेला, किरण त्रिवेदी, करन सिंह धामी, रिंकी नेगी, अमन, वाहन चालक नरेंद्र सिंह जीना, भुवन चंद्र पंत, भगवत सिंह भोज, कैलाश चंद्र भट्ट सहित वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। श्रद्धांजलि सभा में स्थानीय ग्रामीण प्रकाश राम, गोविंद सिंह, अर्जुन सिंह, विपिन चंद्र, भूपाल सिंह भोज, मोहन चंद्र जोशी सहित अन्य ग्रामीणों ने भी भाग लिया और शहीद वन कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
