अल्मोड़ा। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की 14 जून को आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए अल्मोड़ा पुलिस ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा से एक दिन पूर्व पुलिस अधिकारियों ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर शनिवार को अपर पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह और मुख्य अग्निशमन अधिकारी नरेंद्र सिंह कुंवर ने रानीखेत क्षेत्र के परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों के प्रवेश एवं निकास मार्ग, यातायात प्रबंधन तथा आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता का परीक्षण किया गया। अधिकारियों ने विद्यालय प्रशासन और स्टाफ के साथ समन्वय बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इधर अल्मोड़ा नगर क्षेत्र के सभी परीक्षा केंद्रों का भी निरीक्षण किया गया। क्षेत्राधिकारी बलवंत सिंह रावत और नियुक्त सेक्टर अधिकारियों ने केंद्रों में व्यवस्थाओं की सघन जांच की। परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए केंद्रों में स्थापित जैमर उपकरणों की कार्यशीलता भी परखी गई। पुलिस अधिकारियों ने परीक्षा ड्यूटी में तैनात कर्मियों को सतर्कता और समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं, ताकि परीक्षा का संचालन बिना किसी व्यवधान के संपन्न कराया जा सके।