धनगढ़ी पुल पर यातायात शुरू, बरसात में आवागमन की समस्या से मिलेगी राहत

Share This

अल्मोड़ा। राष्ट्रीय राजमार्ग-309 पर स्थित धनगढ़ी नाले पर पुल निर्माण कार्य पूरा होने के बाद वाहनों का आवागमन शुरू हो गया है। पुल के संचालन से क्षेत्रवासियों को बरसात के मौसम में होने वाली आवागमन की परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं पनोद नाले पर निर्माणाधीन पुल पर भी 15 जून से पहले यातायात शुरू होने की संभावना जताई जा रही है। बरसात के दौरान धनगढ़ी और पनोद नालों में जलस्तर बढ़ जाने से लोगों को आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। कई बार लोगों को जोखिम उठाकर नालों को पार करना पड़ता था। इस समस्या के समाधान के लिए वर्ष 2020 में धनगढ़ी नाले पर 7.65 करोड़ रुपये की लागत से 150 मीटर लंबे तथा पनोद नाले पर 6.35 करोड़ रुपये की लागत से 90 मीटर लंबे पुल के निर्माण को स्वीकृति दी गई थी। धनगढ़ी पुल पर यातायात शुरू होने पर श्रम संविदा बोर्ड अध्यक्ष कैलाश पंत ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि पुल के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। उन्होंने इसके लिए सांसद अनिल बलूनी, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दोनों पुलों के पूर्ण रूप से संचालित होने के बाद बरसात के मौसम में क्षेत्र के लोगों को लंबे समय से चली आ रही समस्या से स्थायी राहत मिलेगी।