अल्मोड़ा। जिले में जल संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से 1 जून से 15 जून तक जल उत्सव पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है। इसके तहत ग्राम स्तर से लेकर विकासखंड स्तर तक विभिन्न जागरूकता और क्षमता विकास कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ने बताया कि सार्रा परियोजना के अंतर्गत ‘धारा मेरा, नौला मेरा, गांव मेरा, प्रयास मेरा’ विषय पर जल संरक्षण अभियान-2026 संचालित किया जा रहा है। अभियान के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि विद्यालयों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों के माध्यम से जागरूकता रैलियां निकाली जाएंगी। इसके अलावा जनभागीदारी बढ़ाने और लोगों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न स्तरों पर क्षमता विकास कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक विकासखंड में इन कार्यक्रमों के संचालन के लिए 13 हजार 636 रुपये की धनराशि आवंटित की जाएगी। अभियान के अंतर्गत ग्राम स्तर पर धारा-नौला समितियों का गठन, वृक्षारोपण, जल स्रोतों की सफाई, पर्यावरण विषयक गोष्ठियां तथा जन-जागरूकता रैलियों सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। मुख्य विकास अधिकारी ने जलागम प्रबंधन विभाग के अधिकारियों तथा सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जल उत्सव पखवाड़े के कार्यक्रमों का ग्राम स्तर पर प्रभावी आयोजन सुनिश्चित किया जाए, ताकि जल संरक्षण के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाई जा सके।
15 जून तक चलेगा जल उत्सव पखवाड़ा, ग्राम स्तर पर होंगे जल संरक्षण कार्यक्रम
ByBinsar Times
Jun 3, 2026