भेल में हुड़दंग मचाकर हवाई फायरिंग करने पर 70 छात्रों पर मुकदमा

Share This

हरिद्वार(आरएनएस)।  भेल क्षेत्र में सरेआम हुड़दंग मचाकर हवाई फायरिंग करने के मामले में एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल के निर्देश के बाद कोतवाली रानीपुर पुलिस हरकत में आ गई है। एसएसपी के निर्देश पर एसआई देवेंद्र पाल की तरफ से 60-70 छात्रों के खिलाफ प्रभावी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही वायरल वीडियो के आधार पर आरोपी छात्रों को चिन्हित करते हुए कार्रवाई की जाएगी। इधर, आरोपी छात्र भूमिगत हो गए हैं। इसमें शामिल अधिकांश छात्र नाबालिग बताए जा रहे हैं। शनिवार को एक वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में भेल स्टेडियम के ठीक बाहर महंगी कारों से स्टंट करते छात्र साफ दिखाई दे रहे हैं। यही नहीं एक छात्र असलहे से फायरिंग भी कर रहा था। आतिशबाजी कर हुड़दंग मचा रहे छात्रों ने फिर लग्जरी चौपहिया वाहनों को तेजी से दौड़ाते हुए लोगों में लोगों में भय का माहौल पैदा कर दिया था। शुक्र है कि कोई तेज गति से दौड़ने वाले वाहनों की चपेट में नहीं आया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। मामले का वीडियो वायरल होने के बाद एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने उस पर संज्ञान लिया, जिसके बाद रानीपुर पुलिस हकरत में आ गई। एसएसपी ने बताया कि कानून व्यवस्था से छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होना तय है।