होटल का नंबर हैक कर ग्राहकों से रकम ऐंठी

Share This

ऋषिकेश(आरएनएस)  ऑनलाइन फ्रॉड के लिए जालसाज नए-नए तरीके आजमा रहे हैं। शहर में इंद्रमणि बड़ोनी चौक के नजदीक एक होटल की रूम बुकिंग ऑनलाइन वेबसाइट से ठगों ने मोबाइल नंबर निकाला। हैकिंग कर खुद के सिम में वही नंबर जनरेट भी कर लिया। होटल में रूम बुकिंग के लिए कई ग्राहकों से रकम ऐंठ ली। कस्टमर रूम के लिए होटल पहुंचे, तो स्टाफ को इस ठगीर के बारे में पता चला। शनिवार को होटल प्रबंधन ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। ग्राहकों के भुगतान और अन्य ऑनलाइन डिटेल पुलिस को दिखाए। शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच करते हुए जल्द खुलासे का भरोसा दिलाया। एसएसआई उत्तम रमोला ने बताया कि पुलिस के साइबर एक्सपर्ट ठगों की पहचान के प्रयास में जुटे हैं। जल्द आरोपियों की धरपकड़ कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा।