तीन साल से फरार आरोपी दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार

Share This

विकासनगर(आरएनएस)। कोतवाली सहसपुर पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत वर्ष 2023 से फरार चल रहे एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी विदेश भाग गया था और उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) जारी किया गया था। विदेश से वापस आते ही उसे दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। कोतवाल प्रदीप सिंह रावत ने बताया कि वर्ष 2023 में उत्तराखंड गऊ संतान संरक्षण अधिनियम के तहत रैन्जो आदि में दो आरोपियों रैन्जो पुत्र इकरार निवासी खुशहालपुर व शादाब उर्फ फौती पुत्र मुशर्रफ उर्फ काला निवासी खुशहालपुर के विरूद्ध विवेचना कार्यवाही पूर्ण कर आरोप पत्र न्यायालय प्रेषित किया गया था। बताया कि इसमें एक आरोपी शहवान उर्फ शानू के मुकदमें में वांछित होने पर मुकदमा लंबित चल रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी विदेश चला गया था। जिस कारण उसके खिलाफ लुट आउट सर्कलर नोटिस जारी किया गया था। बताया कि शुक्रवार को पुलिस को सूचना मिली की आरोपी विदेश से लौटकर भारत आ रहा है। जिस पर उसे विदेश से भारत लौटने पर इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर एलओसी के आधार पर रोक लिया गया। सूचना मिलने पर सहसपुर पुलिस की टीम दिल्ली पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान 33 वर्षीय शहवान उर्फ शानू पुत्र सुल्तान, निवासी ग्राम खुशहालपुर, थाना सहसपुर, जनपद देहरादून के रूप में हुई है। बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से भी एनडीपीएस एक्ट के तहत एक मामला दर्ज है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।