अल्मोड़ा। यूथ इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा बुधवार को वाणिज्य विभाग, सोबन सिंह जीना परिसर में विभिन्न नोडल केंद्रों के प्रभारी और सह-प्रभारी के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यशाला में रेड क्रॉस के सिद्धांतों, आपदा राहत, प्राथमिक चिकित्सा और यूथ रेड क्रॉस में पंजीकरण व परीक्षा प्रक्रिया की जानकारी दी गई। कार्यशाला के दौरान जनरल सेक्रेटरी हरीश शर्मा ने रेड क्रॉस के संक्षिप्त इतिहास और मानवता की सेवा में इसकी भूमिका पर प्रकाश डाला। जिला रेड क्रॉस अध्यक्ष आशीष वर्मा ने भारतीय रेड क्रॉस के मूलभूत सिद्धांतों और इसकी कार्यप्रणाली का विस्तृत व्याख्यान दिया। इस अवसर पर डॉ साक्षी तिवारी, डॉ अंजली, डॉ प्रेमलता त्रिपाठी, डॉ अनुपमा पांडे, डॉ राधेश्याम, छत्र सिंह कथायत, पंकज आर्या, डॉ सुनीता जोशी, डॉ किरन, डॉ आस्था अधिकारी, मनोज भंडारी, डॉ किरन बाला, मुंशी चौमवाल, डॉ नारायण बिष्ट, डॉ मनोज बिष्ट और छात्र-छात्राएं और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। कार्यशाला का संचालन गौरव कर्नाटक ने किया।