विकसित भारत संकल्प यात्रा के सफल आयोजन हेतु जनपद में की गई तैयारियों की हुई समीक्षा

अल्मोड़ा। विकसित भारत संकल्प यात्रा के सफल आयोजन हेतु जनपद में की गई तैयारियों की समीक्षा आज कलेक्ट्रेट में संयुक्त सचिव भारत सरकार (जनपद नोडल अधिकारी) राजेश सिंह ने अधिकारियों के साथ बैठक करके की। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह अभियान लोगों को योजनाओं का लाभ देने हेतु महत्त्वपूर्ण अभियान है। इसमें सभी अधिकारियों को विशेष रुचि लेकर केंद्र सरकार की प्रमुख 17 योजनाओं से पात्र लोगों को लाभान्वित करना है। उन्होंने कहा कि जनपद स्तर पर बनी समितियां अपने अपने दायित्वों को बखूबी समझ लें एवं जो कार्य सौंपे गए हैं उनको पूर्ण करना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी विनीत तोमर ने कार्यक्रम की सभी तैयारियों से संयुक्त सचिव भारत सरकार को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा सभी ग्राम पंचायतों एवं नगरीय क्षेत्रों में पहुंचे, इसके लिए संपूर्ण तैयारियां कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि जो वाहन भारत सरकार से प्राप्त होंगे, उसके लिए नोडल अधिकारियों को भी नामित कर लिया गया हैं। उन्होंने कहा कि जनपद में जितने भी लाभार्थी हैं, उन्हें केंद्र सरकार की सभी योजनाओं से लाभान्वित किए जाने हेतु व्यवस्थाएं कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि जो लाभार्थी उक्त योजनाओं से अभी तक लाभान्वित नहीं हुए हैं, उन्हें इस अभियान के माध्यम से लाभान्वित करने हेतु विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आकांक्षा कोंडे, सीएमओ डॉ आरसी पंत, जिला विकास अधिकारी एसके पंत समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।