देहरादून(आरएनएस)। काली मंदिर एंक्लेव, बसंत विहार में सब्जी लेकर लौट रही महिला की चेन लूटकर फरार हुए स्कूटर सवार को गुरुवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से पुलिस ने लूटी गई महिला की चेन और घटना में प्रयुक्त स्कूटर बरामद कर लिया। एसओ बसंत विहार महादेव उनियाल ने बताया कि द्रोणपुरी लेन तीन निवासी जितेंद्र थरेजा ने तहरीर दी। बताया कि उनकी पत्नी दीपा थरेजा बीते सोमवार रात करीब आठ बजे काली मंदिर एंक्लेव की तरफ गई थी। वहां से वह सब्जी लेकर वापस लौट रही थी। आरोप है कि इस दौरान पीछे से स्कूटर सवार आया। झपाटा मारकर उनकी पत्नी की सोने की चेन लूट ले गया। अचानक झटका लगने से महिला गिरी और दहशत में आ गई। आसपास के लोगों ने आरोपी का पीछा करने की कोशिश की। वह फरार हो गया। पुलिस ने मामले में बुधवार को लूट का मुकदमा दर्ज किया। एसओ महादेव उनियाल बताया कि गुरुवार को आरोपी सागर सुखीजा उम्र 32 वर्ष निवासी साईंलोक राज एंक्लेव, बसंत विहार को गिरफ्तार किया गया। आरोपी से लूटी गई चेन मिली। आरोपी से पूछताछ में पता लगा कि वह नशे का आदी है। अपने नशे का खर्च पूरा करने के लिए पूर्व में चोरी, नशा तस्करी और इस तरह के अन्य अपराध में जेल जा चुका है। आरोपी ने नशा सामग्री खरीदने के लिए बीते सोमवार महिला की चेन लूट ली थी।