भविष्य की चुनौतियों के लिए विशेषज्ञ टीमों की तैनाती की भी मांग

देहरादून(आरएनएस)।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर उत्तराखंड के लिए 20 हजार करोड़ का विशेष राहत पैकेज देने की मांग की है। इसके साथ ही भविष्य की चुनौतियों के लिए विशेषज्ञ टीमों की तैनाती की भी मांग की है। उन्होंने उत्तराखंड के मौजूदा हालात को देखते हुए इसे राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की मांग की है। माहरा ने अपने पत्र में कहा कि धामी सरकार ने केंद्र सरकार से केवल 5,700 करोड़ मांगे हैं, जबकि अकेले जोशीमठ के पुनर्निर्माण में लगभग ₹6हजार करोड़ की आवश्यकता है। उन्होंने पिछले वर्ष की जोशीमठ आपदा का उल्लेख करते हुए कहा कि इतनी बड़ी राशि सिर्फ एक क्षेत्र के लिए ही जरूरी है। माहरा ने राज्य के अन्य आपदा प्रभावित इलाकों का भी जिक्र किया, जहां लोगों को अभी तक कोई राहत नहीं मिली है। इसमें कर्णप्रयाग के बहुगुणा ग्राम में 35 मकानों के क्षतिग्रस्त होने, गोपेश्वर और नैनीताल (बलिया नाला क्षेत्र) में लगातार भूस्खलन, खटिया, खाती गांव, भराड़ी, सौंग और धारचूला में आई आपदाओं का जिक्र करते हुए आर्थिक सहायता की मांग की है। माहरा ने कहा कि आकलन के लिए टीम भेजने के बजाय केन्द्र और राज्य सरकार को वैज्ञानिकों, भूवैज्ञानिकों और विशेषज्ञों की टीमें भेजनी चाहिए। ये टीमें आने वाले समय में संभावित आपदाओं का आकलन कर उत्तराखंड को तैयार करने की ठोस रूपरेखा प्रस्तुत कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि उत्तरकाशी, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और पौड़ी जिलों में हालात बेहद गंभीर हैं। भारी बारिश और आपदाओं में मारे गए, लापता और घायल लोगों की सही संख्या भी अभी तक सामने नहीं आई है।