अल्मोड़ा। उत्तराखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति मनोज कुमार गुप्ता ने शुक्रवार को जागेश्वर धाम पहुंचकर भगवान जागेश्वर के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने श्री ज्योतिर्लिंग जागेश्वर मंदिर में रुद्राभिषेक पूजन कर मंदिर समूह की परिक्रमा की। मुख्य न्यायाधीश दोपहर करीब दो बजे जागेश्वर धाम पहुंचे और लगभग एक घंटे तक मंदिर परिसर में रहे। उनके साथ उत्तराखंड हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार और जनपद न्यायाधीश श्रीकांत मिश्रा भी मौजूद रहे। जागेश्वर धाम के मुख्य पुरोहित स्वामी कैलाशानंद महाराज महामंडलेश्वर ने मुख्य न्यायाधीश का स्वागत कर उन्हें जागेश्वर धाम का प्रतीक चित्र और रुद्राक्ष माला भेंट की। इस दौरान उन्हें मंदिर समूह और उसके धार्मिक महत्व की जानकारी भी दी गई। मुख्य पुरोहित ने पिछले दो वर्षों से मंदिर प्रबंधन समिति के गठन न होने के कारण उत्पन्न व्यवस्थागत समस्याओं से भी अवगत कराया। रुद्राभिषेक पूजन आचार्य गिरीश भट्ट, हंषादत्त भट्ट, लोकेश जोशी, ललित भट्ट, निर्मल भट्ट और विनोद जोशी ने संपन्न कराया।