विकासनगर(आरएनएस)। दो अज्ञात व्यक्ति एक शख्स से पिकअप वाहन खरीदने के लिए आए। इसके बाद वह टेस्ट ड्राइव के बहाने वाहन को ले गए और फरार हो गए। तहरीर के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मेन बाजार विकासनगर निवासी अभिषेक गर्ग ने पुलिस में तहरीर दी है। बताया कि उन्होंने एक पिकअप वाहन वर्ष 2009 में खरीदा था। सोमवार को दो अज्ञात व्यक्ति उनके पास आए और पिकअप वाहन खरीदने की बात कही। इसके बाद उन्होंने टेस्ट ड्राइव के लिए वाहन को मांगा और दोनों वाहन लेकर चले गए। लेकिन काफी इंतजार के बाद भी वह नहीं आए। बाद में उन्हें पता चला कि दोनों वाहन लेकर फरार हो गए हैं। कहा कि वाहन में सभी दस्तावेज रखे थे। कोतवाल राजेश शाह ने बताया कि तहरीर के बाद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है।