विकासनगर(आरएनएस)। दोस्तों के साथ मंदिर जा रही एक 14 वर्षीय लड़की पैर फिसलने के कारण टौंस नदी में बह गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने देर शाम तक सर्च अभियान चलाया, लेकिन लड़की का कोई पता नहीं चल पाया है। शनिवार को फिर से सर्च अभियान चलाया जाएगा। थानाध्यक्ष कालसी भुवनचंद्र पुजारी ने बताया कि दोपहर बाद करीब तीन बजे नेहा शाही पुत्री हेमराज शाही, निवासी राजावाला बाढ़वाला अपने छह दोस्तों के साथ सहस्रधारा मंदिर हिमाचल प्रदेश जा रही थी। सभी बाढ़वाला से मैजिक से कालसी जमुना पुल तक गए। इसके बाद पैदल टौंस नदी पार कर रहे थे। इसी दौरान नेहा पैर फिसलने के कारण नदी में बह गई। सूचना पर स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ मौके पर पहुंची। इसके बाद देर शाम तक पुलिस और एसडीआरएफ ने सर्च अभियान चलाया। लेकिन लड़की का कोई पता नहीं चल पाया। थानाध्यक्ष ने बताया कि शनिवार को भी सर्च अभियान चलाया जाएगा।