अल्मोड़ा। उत्तराखंड स्वतंत्रता सेनानी एवं उत्तराधिकारी संगठन की बैठक गांधी पार्क में प्रदेश उपाध्यक्ष कमलेश पांडे की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए पेंशन से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया।
बैठक में बताया गया कि समाज कल्याण विभाग द्वारा दोहरी पेंशन प्राप्त कर रहे कुछ लोगों की एक पेंशन रोकी जा रही है। इस संबंध में प्रांतीय संगठन के मुख्य सचिव से मुलाकात कर समस्या रखी गई है, जिस पर प्रमुख सचिव ने शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया है। साथ ही जिलाधिकारी से त्रैमासिक बैठक शीघ्र आयोजित करने की मांग भी उठाई गई।
बैठक में आगामी 13 अप्रैल को हरिद्वार में आयोजित होने वाली स्वतंत्रता सेनानी सम्मान यात्रा में अधिक से अधिक उत्तराधिकारी परिवारों की सहभागिता सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया। बताया गया कि यह यात्रा हरिद्वार के जगदीश वत्स पार्क से प्रारंभ होगी, जिसे आयुष मंत्री मदन कौशिक, विधायक आदेश चौहान और जिलाधिकारी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। कार्यक्रम में मंत्री प्रदीप बत्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की भी उपस्थिति रहेगी।
कमलेश पांडे ने सभी उत्तराधिकारी परिवारों से अपील की कि वे बड़ी संख्या में हरिद्वार पहुंचकर कार्यक्रम को सफल और ऐतिहासिक बनाएं।
बैठक का संचालन जिला अध्यक्ष भरत पांडे ने किया। इस दौरान मोहन चंद तिवारी, कैलाश वर्मा, पुष्कर प्रसाद पांडे, चंद्र कांडपाल, दुर्गा बुधाथोकी, पार्वती बिष्ट, हितेश तिवारी, किशनचंद जोशी, ताराचंद साह, शिवेंद्र गोस्वामी, राजन सिंह गैलाकोटी, पुष्पा गैलाकोटी, विमल कुमार पांडे, दीपेंद्र जंग राणा, सरस्वती राणा और शिव शंकर सिंह बोरा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
