देहरादून(आरएनएस)। पुरानी कारों की खरीद-फरोख्त करने वाले एक कारोबारी से स्कॉर्पियो बेचने के नाम पर 16 लाख रुपये ठग लिए गए। आरोपियों ने लोन पर ली गई कार की लोन चुकाने की फर्जी एनओसी दिखाकर सौदा किया और रकम ऐंठने के बाद एनओसी देने से मुकर गए। एसएसपी के निर्देश पर पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। रायपुर रोड स्थित शिवलोक कॉलोनी निवासी आशीष कुमार बढेरा की 4 व्हील ड्राइव कार बाजार नाम से पटेलनगर में फर्म है। पुलिस को दी गई तहरीर में आशीष ने बताया कि अमजद अली नाम के एक कार डीलर ने उन्हें स्कॉर्पियो बेचने का प्रस्ताव दिया और उन्हें किरतपुर (बिजनौर) बुलाया। वहां एक अन्य आरोपी आशीष के घर पर प्रशांत गुप्ता निवासी किरतपुर, बिजनौर से मुलाकात कराई गई। आरोपियों ने बताया कि यह कार उन्होंने मूल मालिक मोहम्मद यूनुस से खरीदी है और उन्हें एक पुरानी एनओसी भी दिखाई। कार का सौदा 15.50 लाख रुपये में तय हुआ। सात मई 2024 को आशीष ने अपने पार्टनर जावेद के बैंक खाते से 15.50 लाख रुपये प्रशांत के खाते में ट्रांसफर किए। जबकि 50 हजार रुपये अमजद को कमीशन के तौर पर दिए। रकम मिलने के बाद आरोपियों ने कार और आरसी तो सौंप दी। यह कहकर असली एनओसी रोक ली कि आगे कार बिकने पर दे देंगे। बाद में जब आशीष ने ग्राहक मिलने पर एनओसी मांगी तो आरोपी गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे। एक अगस्त 2025 को एसबीआई बैंक में छानबीन करने पर पीड़ित को पता चला कि उक्त वाहन पर अभी भी लाखों का लोन बकाया है। पटेलनगर कोतवाल सीबीएस अधिकारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी प्रशांत गुप्ता, आशीष और अमजद अली के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।