अल्मोड़ा। नगर निगम अल्मोड़ा के तत्वावधान में मंगलवार को हिंदी साहित्य के महान कवि पंडित सुमित्रानंदन पंत की 125वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। यह कार्यक्रम सुमित्रानंदन पंत पार्क में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ सादगीपूर्ण ढंग से आयोजित किया गया, जहां नगर निगम के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और साहित्यप्रेमियों ने पंत जी को पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी ने पंत जी के साहित्यिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे न केवल प्रकृतिवादी कवि थे, बल्कि छायावाद को हिंदी काव्य की एक प्रमुख धारा के रूप में स्थापित करने वाले रचनाकार भी थे। उन्होंने कहा कि पंत की कविताएं जहां एक ओर प्रकृति की कोमलता और सौंदर्य को दर्शाती हैं, वहीं दूसरी ओर मानवीय संवेदनाओं को भी गहराई से अभिव्यक्त करती हैं। कार्यक्रम में डॉ. जे.सी. दुर्गापाल, नगर निगम पार्षद भूपेंद्र जोशी, राधा मटियानी, हेमा वर्मा, मंजू बिष्ट, बंदना वर्मा, जानकी पांडे, मुकेश कुमार, कुलदीप मेर, नवीन कुमार, नेहा टम्टा, प्रत्येश पांडे और नगर निगम के मुख्य सफाई निरीक्षक लक्ष्मण सिंह भंडारी एवं रूप सिंह सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने पं. सुमित्रानंदन पंत के साहित्यिक योगदान को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।