अल्मोड़ा(आरएनएस)। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय में स्थापित 77 यूके बटालियन एनसीसी के कैडेट्स दिल्ली में 26 जनवरी की गणतंत्र दिवस परेड में राजपथ पर परेड करते हुए नजर आएंगे। एसएसजे विश्वविद्यालय के 9 कैडेट्स का कर्तव्य पथ पर परेड के लिए चयन किया गया है। विश्वविद्यालय के कुलसचिव एवं 77 यूके बटालियन एनसीसी के एएनओ कैप्टन डॉ. देवेंद्र सिंह बिष्ट ने जानकारी देते हुए बताया कि सीनियर अंडर ऑफिसर भानुप्रताप सिंह बिष्ट, अंडर ऑफिसर गौरव सिंह बिष्ट, अंडर ऑफिसर दीपक सिंह सुरकाली, सीनियर सार्जेंट राहुल सिंह चम्याल, कैडेट अमित रावत, अंडर ऑफिसर भूमिका भट्ट, अंडर ऑफिसर वैशाली बगड़वाल, कैडेट रिया बिष्ट, कैडेट चित्रा बिष्ट गणतंत्र दिवस के अवसर पर परेड करते हुए नजर आएंगे। कैप्टन बिष्ट ने कहा कि बटालियन के 09 कैडेट्स का गणतंत्र दिवस के अवसर पर जाना गौरव की बात है। उन्होंने बताया कि 77 बटालियन के सीनियर अंडर ऑफिसर भानुप्रताप सिंह बिष्ट इस परेड के अवसर पर प्रधानमंत्री, रक्षा मंत्री एवं अन्य अतिथियों को दिए जाने वाले गार्ड ऑफ ऑनर में सम्मिलित किये गए हैं। सभी कैडेट्स ड्रिल इंस्ट्रक्टर हवलदार राजेन्द्र सिंह रौतेला एवं हवलदार अशोक चंद के नेतृत्व में प्रतिभाग करेंगे। विवि के छात्रों के गणतंत्र दिवस परेड में चयन पर विवि के कुलपति प्रो सतपाल सिंह बिष्ट ने प्रसन्नता जताते हुए कहा कि हमारे ये सभी कैडेट्स गणतंत्र दिवस की परेड में भागीदारी कर बेहतर प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कैडेट्स के साथ बटालियन के अधिकारियों को बधाइयां दी हैं।