सोमेश्वर में पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान

अल्मोड़ा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पींचा के निर्देश पर जनपद में साइबर सुरक्षा और नशा मुक्त समाज के लिए जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को थानाध्यक्ष सोमेश्वर कश्मीर सिंह के नेतृत्व में महिला उपनिरीक्षक सोनू बाफिला ने सोमेश्वर के रामलीला मैदान और चौराहे पर जागरूकता चौपाल लगाई। जागरूकता अभियान में लोगों को साइबर अपराधों से बचने के उपायों के बारे में बताया गया। पुलिस ने समझाया कि डिजिटल अरेस्ट जैसी कोई कानूनी प्रक्रिया नहीं है। लोगों को बताया गया कि अनजान लिंक पर क्लिक न करें और अनजान नंबरों से आने वाले वीडियो कॉल न उठाएं। इसके अलावा, साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी दी गई और ठगी से बचाव के लिए सतर्क रहने की अपील की गई। पुलिस ने नशे के दुष्परिणामों के बारे में बताया और इसे रोकने के लिए नवीन कानूनों की जानकारी दी। लोगों को नशा मुक्त समाज बनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। पुलिस ने उत्तराखंड पुलिस एप, गौरा शक्ति एप, डायल 112, महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के उपयोग के बारे में जानकारी दी। लोगों को इन सेवाओं के महत्व और उपयोग के लिए जागरूक किया गया।