शैलेश मटियानी पुरस्कार विजेता शिक्षक लोबियाल ने पुरस्कार राशि विद्यालय को दी

बागेश्वर। शैलेश मटियानी राज्य शैक्षिक पुरस्कार से सम्मानित प्रभारी प्रधानाचार्य त्रिभुवन लोबियाल का शनिवार को स्कूल पहुंचने पर स्कूल प्रबंधन और स्टाफ ने भव्य स्वागत किया। उन्हें शॉल ओढ़ाकर पुष्पगुच्छ भेंट किया गया। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक ने क्षेत्र का नाम रोशन किया है। लोबियाल ने पुरस्कार की धनराशि विद्यालय को भेंट कर दी है। इस राशि से यहां अध्ययनरत छात्रों को बेहतरीन पुस्तकें पढ़ने को मिलेंगी। मालूम हो कि शिक्षक दिवस पर राजभवन में राज्यपाल, मुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री ने जगत सिंह माजिला राइंका कांडा के प्रभारी प्रधानाचार्य गणित प्रवक्ता त्रिभुवन लोबियाल को वर्ष 2022 के लिए शैलेश मटियानी राज्य शैक्षिक पुरस्कार से सम्मानित किया। शनिवार को विद्यालय पहुंचने पर शिक्षकों, स्टाफ व अभिभावकों ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर व पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका अभिनंदन किया। इस मौके पर लोबियाल ने पुरस्कार में मिली दस हजार की धनराशि विद्यालय और विद्यार्थी हित में खर्च करने के लिए विद्यालय प्रबंधन को सौंपने का ऐलान किया। सम्मान समारोह में पीटीए अध्यक्ष अर्जुन सिंह नगरकोटी, एसएमसी अध्यक्ष मंजू आर्या, गीता कांडपाल, गीता आर्या, ललित प्रसाद, कमला जोशी, पूजा लोहनी, पूजा गोस्वामी, सुनीता भौर्याल, देवकी वर्मा ने लोबियाल की इस पहल की सराहना की और उनका आभार जताया।