सेवा विस्तार परिपाटी पर यूकेडी करेगी हल्ला बोल

देहरादून(आरएनएस)।  उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के केंद्रीय उपाध्यक्ष जय प्रकाश उपाध्याय ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्ट अधिकारियों को सेवा विस्तार देना बंद किया जाए। कहा कि ऐसे अधिकारी जो भ्रष्टाचार में लिप्त हैं, उनके खिलाफ त्वरित जांच की जाए। उन्होंने प्रेस क्लब में सोमवार को प्रेसवार्ता कर सरकार कहा कि यदि भ्रष्ट अधिकारियों का सेवा विस्तार जारी रहता है, तो यूकेडी सरकार के खिलाफ हल्ला बोल अभियान छेड़ेगा। उन्होंने कहा कि सेवा विस्तार का खेल बंद नहीं किया तो निदेशालय स्तर पर धरने प्रदर्शन किए जाएंगे। कहा कि राष्ट्रीय पार्टियों ने ब्यूरोक्रेसी को कमाई का जरिया बनाया हुआ है। इसलिए वह हावी हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि केदारनाथ उपचुनाव में राज्य सरकार सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि यूकेडी प्रत्याशी सबसे कम खर्चे में वहां चुनाव जीतेंगे।