सेना के जवानों को दिया अग्निशमन प्रशिक्षण, आपदा से निपटने की जानकारी

Share This

अल्मोड़ा। रानीखेत में फायर स्टेशन की ओर से सेना के जवानों को अग्निशमन का प्रशिक्षण देकर आपात स्थितियों से निपटने के तरीके बताए गए। प्रशिक्षण कार्यक्रम मानसिंह हॉल में आयोजित किया गया, जिसमें जवानों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के के निर्देशन में आयोजित इस प्रशिक्षण में मुख्य अग्निशमन अधिकारी नरेंद्र सिंह कुंवर के पर्यवेक्षण और प्रभारी अग्निशमन अधिकारी रानीखेत गणेश चंद्र के नेतृत्व में फायर टीम ने जवानों को आग लगने के कारणों, आग की विभिन्न श्रेणियों और उनके अनुसार इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरणों की जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान फायर एक्सटिंग्विशर, फायर ब्लैंकेट समेत अन्य उपकरणों के सुरक्षित और प्रभावी उपयोग की विधि समझाई गई। इसके साथ ही कृत्रिम रूप से आग लगाकर उसे बुझाने का प्रायोगिक प्रदर्शन भी किया गया, जिसमें जवानों ने स्वयं उपकरणों का उपयोग कर आग बुझाने का अभ्यास किया। फायर टीम ने बताया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण से आपदा के समय त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करने में मदद मिलती है।