देश में फिर से बनेगी भाजपा की सरकार : साक्षी महाराज

हरिद्वार। उन्नाव से सांसद साक्षी महाराज ने कहा कि आगामी 2024 के लोकसभा चुनाव में 350 से ज्यादा सीटों के साथ देश में फिर से भाजपा की सरकार बनने जा रही है। साक्षी महाराज ने राहुल गांधी और कांग्रेस के नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री पर टिप्पणी करके ये लोग राष्ट्रद्रोह कर रहे हैं। साक्षी महाराज ने यह भी कहा कि लैंड जेहाद के मामले में केंद्र और अन्य राज्यों की सरकारें उत्तराखंड से सीख लें। यह बातें साक्षी महाराज ने हरिद्वार डाम कोठी में पत्रकारों से बात करते हुए कही। रविवार को साक्षी महाराज हरिद्वार दौरे पर रहे। इस दौरान साक्षी महाराज ने सीएम पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। पत्रकारों से बात करते हुए साक्षी महाराज ने कहा मैं साधु समाज और राष्ट्र की तरफ से उत्तराखंड सरकार और मुख्यमंत्री को लैंड जेहाद पर निर्णय लेने मामले में हृदय से धन्यवाद देता हूं। उन्होंने कहा कि देश में लैंड जेहाद बड़ी समस्या है। उत्तराखंड से सीख लेकर केंद्र और अन्य राज्यों की सरकारों को लैंड जेहाद के खिलाफ ठोस निर्णय लेना चाहिए।