रोडवेज कर्मचारियों ने वार्ता के बाद वापस ली हड़ताल

देहरादून(आरएनएस)। रोडवेज कर्मचारियों ने परिवहन सचिव के साथ दिनभर चली वार्ता के बाद 16 घंटे से चली आ रही हड़ताल वापस ले ली। वार्ता में संविदा-विशेष श्रेणी कर्मचारियों का नियमितिकरण करने, निजी बसों को परमिट देने पर रोक लगाने समेत कई मांगों पर सहमति बनी है। शाम पांच बजे के बाद प्रदेशभर में बसों का संचालन सामान्य होना शुरू हुआ। रोडवेज कर्मचारी संयुक्त मोर्चा ने बुधवार आधी रात से हड़ताल शुरू कर दी थी, जिससे प्रदेश भर में बसों का संचालन ठप होने लगा था। परिवहन सचिव बीके संत ने सुबह नौ बजे ही मोर्चा के प्रतिनिधियों को वार्ता के लिए बुला दिया था। परिवहन मुख्यालय में दिनभर चली वार्ता के बाद शाम तक सहमति बन पाई। जिस पर कर्मचारियों ने हड़ताल स्थगित करने का फैसला लिया। वार्ता में संयुक्त परिवहन आयुक्त एसके सिह, रोडवेज के जीएम प्रशासन अनिल गब्र्याल, जीएम संचालन सीपी कपूर, जीएम कार्मिक पवन मेहरा, मोर्चा के संयोजक अशोक चौधरी, रविनंदन कुमार, राम किशन राम, राजीव खुल्बे आदि शामिल रहे।