पुलिस ने जागरूकता अभियान में छात्राओं को दी सुरक्षा संबंधी जानकारी

Share This

अल्मोड़ा। जिले में चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान के तहत कोतवाली चौखुटिया पुलिस ने स्कूली छात्राओं को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया। अटल उत्कृष्ट राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, चौखुटिया में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं को महिला एवं बाल अपराध, साइबर अपराध और सड़क सुरक्षा से जुड़ी जानकारियां दी गईं। कार्यक्रम में छात्राओं को साइबर फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, पोक्सो एक्ट, नए आपराधिक कानूनों तथा यातायात नियमों के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही डायल 112, साइबर हेल्पलाइन 1930, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और आपदा हेल्पलाइन 1070 जैसे महत्वपूर्ण नंबरों की जानकारी भी दी गई। पुलिस टीम ने गुड समैरिटन की अवधारणा समझाते हुए सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों की मदद करने वालों को मिलने वाले कानूनी संरक्षण के बारे में भी बताया। छात्राओं को आत्मरक्षा के मूलभूत टिप्स दिए गए और किसी भी समस्या या संदेह की स्थिति में अभिभावकों व पुलिस से तुरंत संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम आगे भी जारी रहेंगे, ताकि समाज में सुरक्षा और सतर्कता के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।