पेयजल संकट को लेकर ग्रामीणों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

Share This

अल्मोड़ा। विकासखंड द्वाराहाट के अंतर्गत ग्राम सभा कफड़ा की अजनो बस्ती में पिछले दो वर्षों से जारी पेयजल संकट के समाधान की मांग को लेकर मंगलवार को ब्लॉक प्रमुख डॉ. आरती किरौला के नेतृत्व में ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी द्वाराहाट को ज्ञापन सौंपा। डॉ. आरती किरौला ने प्रशासन को अवगत कराया कि अजनो बस्ती के निवासी लंबे समय से पानी की समस्या से जूझ रहे हैं और उन्हें पेयजल के लिए काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में भी इस समस्या को उठाया गया था, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही पेयजल आपूर्ति सुचारू नहीं की गई, तो क्षेत्र की जनता के साथ मिलकर आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान ग्राम प्रधान कफड़ा बीना देवी, सामाजिक कार्यकर्ता प्रताप रावत, पूर्व ग्राम प्रधान तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं मौजूद रहीं।