रुड़की(आरएनएस)। लंढौरा स्थित तेल डिपो में कार्य करने वाले एक कर्मचारी ने अपने साथी पर मारपीट कर चाकू से घायल करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। अंकुल निवासी लालवाला धनौरा थाना नजीबाबाद उत्तर प्रदेश ने तहरीर देकर बताया कि भाई अमित दो महीने से अपने दोस्त के साथ लंढौरा स्थित एचपी डिपो में पुताई के कार्य कर रहा है। 6 सितंबर को सुबह 9 बजे विकास ने उसके भाई के साथ गाली गलौज कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने मारपीट करते हुए उसके पेट में चाकू घोंप दिया। जिसके बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों की ओर से उसे उपचार के लिए भर्ती कराया गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद किए गए विकास निवासी लालवाला धनौरा थाना नजीबाबाद के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।