देहरादून(आरएनएस)। कर्मचारियों के पदोन्नति के खाली पदों को भरने के लिए शासन ने पदोन्नति में शिथिलता की सुविधा दी है। ये सुविधा 30 जून को समाप्त हो रही है। अभी तक विभागों की ओर से पदोन्नति के प्रकरणों का निस्तारण न करने पर अपर मुख्य सचिव कार्मिक आनंद बर्द्धन की ओर से सोमवार को नाराजगी जताई गई। विभागों को जल्द से जल्द पदोन्नति के खाली पदों को भरने के निर्देश दिए। सभी सचिवों, विभागाध्यक्षों को जारी निर्देश में कहा कि पदोन्नति के प्रकरणों के निस्तारण में तेजी लाई जाए। शासन की ओर से कर्मचारी संगठनों की मांग पर पदोन्नति में शिथिलता की व्यवस्था की। 30 जून तक कर्मचारियों को ये लाभ मिलना था। अभी तक विभागों के स्तर पर कोई प्रगति इस मामले में होती नजर नहीं आ रही है। इसे लेकर कर्मचारी संगठनों की ओर से भी आपत्ति जताई जा रही है। पदोन्नति के प्रकरणों में तेजी लाते हुए 30 जून तक सभी प्रकरणों का निस्तारण कर कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ सुनिश्चित कराने की व्यवस्था करे। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष अरुण पांडेय ने कहा कि 30 जून तक हर हाल में पदोन्नति से जुड़े प्रकरणों का निस्तारण किया जाए। शिथिलता का लाभ न मिलने से कई कर्मचारी बिना पदोन्नति का लाभ लिए ही रिटायर हो रहे हैं।
