देहरादून(आरएनएस)। देवऋषि एंक्लेव, देहराखास में ढाई महीने पहले हुए चर्चित दीपक गुप्ता हत्याकांड में पुलिस ने गुरुवार को न्यायालय में चार्जशीट दाखिल कर दी। चार्जशीट हत्या की धाराओं में भेजी गई है। हालांकि, आरोपी हत्या के इरादे वहां नहीं पहुंचा था। कमरे में घटी घटना के बाद उसने वहीं से चाकू उठाकर यह कदम उठाया था। बीते 22 जुलाई 2026 की शाम करीब साढ़े चार बजे टीएचडीसी कॉलोनी के देवऋषि एंक्लेव में 48 वर्षीय दीपक गुप्ता की उनके ही कमरे में गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई थी। मृतक मकान के निचले हिस्से में अकेले रहते थे। इसके ऊपर की मंजिल पर उनके भाई राकेश गुप्ता का परिवार रहता है। चीख-पुकार सुनकर जब राकेश की पत्नी मीनाक्षी नीचे पहुंचीं तो कमरे के भीतर दीपक लहूलुहान और अचेत अवस्था में पड़े मिले थे। उस वक्त आरोपी रोहन प्रजापति निवासी प्रधानवाली गली, माजरा भी कमरे के अंदर ही मौजूद था। मृतक के भाई राकेश गुप्ता की तहरीर पर पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने मौके से ही आरोपी को गिरफ्तार किया 23 जुलाई को जेल भेज दिया था। इंस्पेक्टर पटेलनगर नरेश राठौर ने बताया कि मुकदमे की जांच में सामने आया कि मृतक दीपक और आरोपी रोहन की जान पहचान एक ऑनलाइन एप से हुई थी। 22 जुलाई को रोहन अपनी स्कूटी से दीपक के घर पहुंचा था। वहां दोनों के बीच हुए विवाद के बाद आरोपी ने चाकू से गला काटकर दीपक को मौत के घाट उतार दिया था। पुलिस की चार्जशीट पर कोर्ट के संज्ञान लिए जाने के बाद जल्द केस ट्रायल पर आएगा। मुकदमे की जांच एसआई प्रमोद शाह ने की।