अल्मोड़ा। रविवार को रानीखेत और द्वाराहाट में आयोजित होने वाली नीट 2026 परीक्षा को सकुशल, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए अल्मोड़ा पुलिस ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सुरक्षा एवं गोपनीयता को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह ने शनिवार को कोतवाली रानीखेत में परीक्षा ड्यूटी में नियुक्त पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की ब्रीफिंग की। इस दौरान परीक्षा से जुड़ी प्रत्येक गतिविधि पर सतर्क और संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधिकारियों को बताया गया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर और हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर के माध्यम से जांच की जाएगी। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस अथवा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के साथ किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
परीक्षा केंद्रों में नियुक्त कार्मिकों और कर्मचारियों को भी प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक उपकरण साथ न लाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्रित नहीं होने दी जाएगी तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरती जाएगी।
पुलिस ने सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं एवं अफवाहों पर निगरानी रखने के साथ ही परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही है। किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
