नव नियुक्त आरक्षियों को एसएसपी ने दिया मार्गदर्शन, अनुशासन और फिटनेस पर जोर

Share This

अल्मोड़ा। पुलिस लाइन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके ने हाल ही में नियुक्त 87 नव आरक्षियों को गहन प्रशिक्षण के संबंध में विस्तृत मार्गदर्शन दिया। एक माह के जीटीसी प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद आरक्षियों को आगे की प्रशिक्षण प्रक्रिया के लिए तैयार किया गया।

एसएसपी ने पुलिस सेवा के दायित्वों पर प्रकाश डालते हुए आरक्षियों को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण अवधि व्यक्तित्व विकास और पेशेवर दक्षता को मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर है, जिसका अधिकतम लाभ उठाया जाना चाहिए।

उन्होंने गहन प्रशिक्षण के दौरान शारीरिक दक्षता, विधिक ज्ञान और आपराधिक अनुसंधान जैसे विषयों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में किसी भी चुनौती का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सके।

इसके साथ ही “फिट इंडिया” अभियान के तहत पुलिस कर्मियों को बेहतर स्वास्थ्य और फिटनेस बनाए रखने के लिए नियमित व्यायाम, योग और शारीरिक गतिविधियों को दिनचर्या में शामिल करने की सलाह दी गई।

कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह, क्षेत्राधिकारी अल्मोड़ा बलवंत सिंह रावत, मुख्य अग्निशमन अधिकारी नरेंद्र सिंह कुंवर, प्रतिसार निरीक्षक रमेश चंद्र सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।