अल्मोड़ा। मोहन उप्रेती लोक संस्कृति कला एवं विज्ञान शोध समिति द्वारा भारत के प्रसिद्ध नाट्य संगीतकार व उत्तराखंड के लोक गायक मोहन उप्रेती की 27वीं पुण्यतिथि पर नंदा देवी के संस्था कार्यालय पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वरिष्ठ लोक शिल्पी मीरा जोशी ने दीप प्रज्वलित कर मोहन उप्रेती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया। संस्था के अध्यक्ष हेमंत जोशी ने मोहन उप्रेती के द्वारा आजादी से पूर्व और आजादी के बाद लोक संस्कृति के लिए किए गए कार्यों पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर मोहन उप्रेती लोक संस्कृति कला एवं विज्ञान शोध समिति द्वारा कई युवा लोक चित्रकारों को सम्मानित किया गया। संस्था द्वारा ऐपण कला को समर्पित व्यक्तित्व 80 वर्षीय लोक कलाकार मीरा जोशी के नाम से मीरा जोशी ऐपण प्रोत्साहन सम्मान 2022 और 2023 प्रदान किया गया। मीरा जोशी ऐपण प्रोत्साहन सम्मान 2022 पारंपरिक ऐपण आलेखन के लिए रश्मि जोशी व क्रिएटिव ऐपण आलेखन के लिए कंचन जाटव तथा 2023 का क्रिएटिव ऐपण के लिए नमिता टम्टा और पारंपरिक ऐपण के आलेखन के लिए कंचन जाटव को प्रदान किया गया। संस्था के अध्यक्ष हेमंत जोशी, सचिव कमल पाण्डे व मीरा जोशी ने सम्मान पत्र व प्रत्येक कलाकार को 5000 की सम्मान राशि देकर सम्मानित किया। वहीं मीरा जोशी ऐपण प्रतियोगिता के विजेता हल्द्वानी की रश्मि जोशी, खष्टी पालड़ी, प्रज्ञा, कुलदीप कुमार, बेरीनाग की दिव्या पंत, अल्मोड़ा की भूमिका बोरा, कंचन जाटव, नमिता टम्टा, बागेश्वर की तनुजा आर्य व पिथौरागढ़ की नेहा पंत को स्मृति चिन्ह व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।